सोनभद्र , अप्रैल 17 -- सोनभद्र जिले की ओबरा थाना पुलिस ने निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा धमकी देने के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कौशांबी जिले से पकड़ा गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र की एक पीड़िता ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राज जायसवाल , निवासी महुआ कोठी सिरसा, थाना मेजा, जनपद प्रयागराज, ने उसके निजी फोटो और वीडियो अपने पास रखे थे।

आरोप है कि अभियुक्त ने इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से पीड़िता के परिजनों और रिश्तेदारों को भेजकर वायरल कर दिया। विरोध करने पर आरोपी दोबारा सामग्री वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान थी।

पीड़िता की शिकायत पर ओबरा थाना में आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी ने बताया कि अभियुक्त राज जायसवाल (31) को 16 अप्रैल की रात लगभग 11:10 बजे कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज हाईवे, कानपुर रोड से दिल्ली भागने के दौरान गिरफ्तार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित