नयी दिल्ली , सितंबर 12 -- दिल्ली सरकार के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग ने रेलवे अधिकारियों के समन्वय से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।

जीएसटी विभाग ने आज बताया कि विभाग को खुफिया जानकारी मिली थी कि रेलवे नेटवर्क के जरिए अनिवार्य दस्तावेजों के बिना माल का परिवहन किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर जीएसटी विभाग ने रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया। यह खेप आंध्र प्रदेश के रेणिगुंटा से रवाना हुई ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने करीब 25 टन कॉपर स्क्रैप बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बतायी गयी है। इसके अलावा करीब 25 टन मिश्रित स्क्रैप, कपड़े और अन्य सामान भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।

विभाग ने बताया कि माल के साथ जरूरी इनवॉइस और ई-वे बिल उपलब्ध नहीं थे। अब माल और उससे संबंधित दस्तावेजों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही, जीएसटी कानून के तहत माल के परिवहन से जुड़े वैधानिक अनुपालन की भी जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी प्रभावी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें कारोबार पारदर्शी तरीके से हो और प्रत्येक देय कर की वसूली सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि रेलवे सहित माल परिवहन के सभी माध्यमों पर निगरानी बढ़ाकर जीएसटी अनुपालन को मजबूत किया जाएगा। सरकार सुशासन, पारदर्शिता और सरकारी राजस्व की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही है। कर चोरी में शामिल तत्वों के खिलाफ कानून के अनुरूप सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित