नयी दिल्ली , मार्च 09 -- आम आदमी पार्टी(आप) ने सोमवार को कथित शराब घोटाला मामले में निचली अदालत के आदेश पर उच्च न्यायालय से स्थगन नहीं मिलने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला।
आप' के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में आज आरोप लगाया कि भाजपा के कहने पर केंद्रीय जांच ब्यूरो( सीबीआई) ने ''आप'' नेताओं के खिलाफ षड़यंत्र रचा था। राउज एवेन्यू अदालत की ओर से सभी आरोपियों को आरोप मुक्त किए जाने के बाद सीबीआई उच्च न्यायालय चली गई, लेकिन उसे वहां स्थगन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा के कहने पर फर्जी मामले बनानेवाले सीबीआई अधिकारी अदालत में पकड़े गए। अब षड़यंत्रकारी अफसरों को नौकरी और जेल जाने का डर सता रहा है। उधर, भाजपा को भी डर है कि कहीं अधिकारी दबाव में बता न दें कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कहने पर उन्होंने ये कुकर्म किया।
उन्होंने कहा कि जब से राउज एवेन्यू कोर्ट ने तथाकथित शराब मामले में यह पाया कि पूरा का पूरा मामला फर्जी और मनगढ़ंत था, तब से सच्चाई सबके सामने है। सारा केस 'शायद' के ऊपर टिका हुआ था कि शायद ऐसा हुआ हो, शायद वैसा हुआ हो। कोर्ट ने स्पष्ट कह दिया कि यह मामला इस लायक भी नहीं है कि इस पर मुकदमा चले, यानी यह ट्रायल के लायक ही नहीं है। सीबीआई ने जितने भी लोगों को आरोपी बनाया था, कोर्ट ने उन सबको डिस्चार्ज कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित