भोपाल , मार्च 6 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में तुलसी नगर स्थित नगर निगम की निर्माणाधीन इमारत से गिरकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि भवन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार को एक बुजुर्ग नगर निगम की नई इमारत में हाउसिंग फॉर ऑल योजना से संबंधित जानकारी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान वे भवन के खुले हिस्से से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया गया है कि जिस स्थान से बुजुर्ग गिरे, वहां बाउंड्री या रेलिंग का कार्य अधूरा था। घटना के बाद भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इधर, हादसे के बाद शुक्रवार को निगम प्रशासन ने भवन परिसर में मीडिया और अन्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। मुख्य गेट पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया और अंदर आने-जाने से मना कर दिया गया।
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने मौके पर पहुंचकर घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि खराब इंजीनियरिंग और अधूरी सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह हादसा हुआ है। उनका कहना था कि भवन में कुछ आवश्यक निर्माण कार्य अब तक पूरे नहीं किए गए थे, जिनको लेकर पहले भी सवाल उठ चुके थे।
बताया गया है कि नगर निगम की इस नई इमारत का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। भवन का औपचारिक उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ है, हालांकि कुछ विभागों को यहां स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित