बुरहानपुर , सितंबर 02 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में प्रतिबंधित एवं अमानक पॉलीथिन की बिक्री के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए सिंधी बस्ती स्थित आशीर्वाद डिस्पोजल से करीब 100 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त की और संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

नगर निगम की सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने मुखबिर की सूचना पर दोपहर करीब 12 बजे टीम के साथ आशीर्वाद डिस्पोजल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भरकर अमानक एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन तथा अन्य सामग्री जब्त की गई।

नगर निगम को शहर में लंबे समय से अमानक पॉलीथिन की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित संचालक अक्षय मंगतानी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की कार्रवाई से होटल संचालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

सहायक आयुक्त ने बताया कि प्रतिबंधित एवं अमानक पॉलीथिन की बिक्री के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, सेक्टर अधिकारी विजय रायसरदार सहित निगम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित