न्यू साउथ वेल्स , सितंबर 16 -- इस सीजन में निक मैडिंसन शेफ़ील्ड शील्ड में न्यू साउथ वेल्स की कप्तानी करेंगे तथा ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स के जिम्मेदारी छोड़ने के बाद लचलान शॉ को वन-डे कप टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 34 साल के मैडिंसन ने साल की शुरुआत में टेस्टिकुलर कैंसर का इलाज कराने के कारण पिछले सीजन में एनएसडब्ल्यू के लिए कोई मैच नहीं खेला था, लेकिन वह सिडनी थंडर के लिए पांच बार और एक 'सेकंड इलेवन' मैच में खेले थे। अब वह पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और 2015-16 में कप्तानी करने के बाद दूसरी बार एनएसडब्ल्यू की कप्तानी संभालेंगे।
मैडिनसन ने कहा, "एनएसडब्ल्यू ब्लूज की कप्तानी करना बहुत सम्मान की बात है और इस सीजन में शेफील्ड शील्ड टीम की अगुवाई करने का मौका मिलने पर मैं बहुत आभारी हूं। न्यू साउथ वेल्स की कप्तानी मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है और मैं पूरे समर सीजन में खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ़ के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं।"नए कोच ब्रैड हैडिन की उभरते हुए लीडर्स को तैयार करने की कोशिश के तहत, शॉ को वन-डे कप के लिए कप्तानी सौंपी गई है, जिसमें एनएसडब्ल्यू मौजूदा चैंपियन है। शॉ ने अब तक सिर्फ़ 14 लिस्ट-ए मैच खेले हैं। विकेटकीपर होने के साथ-साथ शॉ एक शानदार फ़ील्डर के तौर पर भी जाने जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित