रांची , फरवरी 23 -- झारखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने आज प्रेसवार्ता कर कहा राज्य के मतदाताओं,मतदान कर्मियों और निर्वाचन आयोग का आभार प्रकट किया।

श्री साहू ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व निकाय चुनाव आज झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में संपन्न हुआ जिसमें औसत 50% मतदान हुए हैं। अंतिम सूचना आने तक यह प्रतिशत बढ़ेगा ही। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 48 नगर निकायों के मतदाता भाई बहनों का धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं।

श्री साहू ने कहा कि निर्वाचन आयोग को भी धन्यवाद देना चाहता हूं,जिसने राज्य सरकार के द्वारा हर स्तर पर हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप के बावजूद मतदान संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि यह सरकार चुनाव भाजपा के आंदोलनों और न्यायालय के दबाव का परिणाम है। राज्य सरकार कभी भी निकाय चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी।

श्री साहू ने कहा कि आज संपन्न चुनाव में पुलिस प्रशासन के सहारे चुनाव को प्रभावित करने केलिए राज्य सरकार ने हर हथकंडे अपनाए,जिसकी आशंका भाजपा ने पहले ही व्यक्त की थी।भाजपा ने स्पष्ट कहा था और निर्वाचन आयोग को लिखित शिकायत भी किया था वह आज प्रत्यक्ष दिखाई दिया।

श्री साहू ने कहा कि एक तो 20 हजार से ज्यादा मतदान कर्मियों को मतदान से वंचित किया गया। पोस्टल बैलेट का कोई प्रावधान नहीं किया गया।वहीं जहां भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में वोट पड़ने की संभावना दिखाई दी वहां पोलिंग परसेंटेज को कम करने की कोशिश की गई।प्रशासन पूरी तरह एक समुदाय विशेष के मतदाताओं के वोट प्रतिशत बढ़ाने में जुटा रहा।वही दूसरी ओर भगवा गमछा लगाकर वोट देने आए मतदाताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

श्री साहू ने कहा कि पूरे प्रदेश से प्रशासन के सहयोग से बोगस मतदान कराने की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कुछ उदाहरण के तौर पर बताया जैसे मेदिनीनगर के वार्ड नंबर 6 के बूथ संख्या 3 और 4 पर प्रशासन के सहयोग से बोगस वोटिंग कराया गया। इसी क्षेत्र के वार्ड नंबर 5 के बूथ संख्या 2 और 3 पर पोलिंग एजेंट को बाहर कर बोगस कराया गया। गढ़वा के वार्ड नंबर 20 में झामुमो समर्थित प्रत्याशी के पति के द्वारा भाजपा समर्थित वोटरों को भगाया गया।

गिरिडीह में एक वर्ग विशेष के लोग खुलेआम हथियार लेकर घूमते हुए मतदाताओं को धमका रहे थे।जुगसलाई में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान लगभग 50 लोगों के साथ हथियार मतदाताओं को धमकाया। साहेबगंज में व्यापारी वर्ग के मतदाताओं को सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं के द्वारा धमकी दी गई।जमशेदपुर में अपराधियों के द्वारा खुलेआम महिला मतदाताओं को धमकाया गया।गालियां दी गई। चक्रधरपुर में झामुमो समर्थित प्रत्याशी द्वारा वोटरों के बीच नोट बांटे गए।यही हाल चाकुलिया में हुआ।सत्ताधारी नेताओं के द्वारा पैसे बांटे गए।

श्री साहू ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि पुलिस प्रशासन के सहारे राज्य की सत्ताधारी पार्टी ने निकाय चुनाव को पूरी तरह प्रभावित करने की कोशिश की गई। जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया। मतदाता सूची ने व्यापक गड़बड़ी की गई। मतदाताओं के बूथ बड़ी संख्या में उनके घरों से कई किलोमीटर दूर कर दिए गए। कहा कि वोटर आईडी की जांच में दोहरा मापदंड अपनाया गया। मुस्लिम मतदाताओं को बिना आईडी जांच के वोट देने दिया गया।

श्री साहू ने कहा कि राज्य प्रशासन की इस प्रकार से सत्ता पक्ष के साथ एकतरफा झुकाव का परिणाम है कि एक प्रत्याशी रिंकू सिंह को धरने पर बैठने तक की नौबत आ गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मतगणना को भी प्रभावित करने की साजिश रची है। मेयर और वार्ड पार्षदों केलिए एक ही बक्से में वोट डाले गए हैं।इससे स्पष्ट हो गया है कि राज्य सरकार ने लोकतंत्र का गला घोंटने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।लेकिन जनता जनार्दन का आशीर्वाद और प्यार सर्वोपरी है।

श्री साहू ने कहा कि जनता ने आज के मतदान में राज्य सरकार के कुत्सित प्रयासों को चोट पहुंचाया है। उन्होने राज्य की जनता ,मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जो रिपोर्ट कार्यकर्ताओं के द्वारा मिली है उससे जनता का रुझान पूरी तरह भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में दिखाई दिया है।भाजपा समर्थित अधिकांश उम्मीदवारों की जीत निकाय चुनाव में सुनिश्चित है।

श्री साहू ने सभी कार्यकर्ताओं,राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व को आभार प्रकट किया, जिन्होंने पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत को सुनिश्चित कराने केलिए कठिन परिश्रम किया।

प्रेसवार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित