जयपुर , सितम्बर 10 -- नगरीय निकाय चुनाव के तहत जयपुर जिले में शुक्रवार को मतदान दिवस के अवसर पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यरत एवं मतदाता के रूप में पंजीकृत कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) ने संदेश नायक ने बताया कि द्वितीय चरण में शुक्रवार को नगर निगम जयपुर के निर्वाचन क्षेत्र में मतदान दिवस पर सवैतनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि जयपुर जिले के ऐसे कार्मिक जो उपर्युक्त नगरीय निकायों के निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन अपने काम-काज के सिलसिले में अन्य स्थानों पर नियोजित हैं, उन्हें भी मतदान दिवस पर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जायेगा। यह व्यवस्था संबंधित मतदाताओं को मतदान के अवसर से वंचित न होने देने के उद्देश्य से की गयी है।
श्री नायक ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों एवं प्रतिष्ठानों को आदेश की समुचित पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था की गयी है ताकि मतदान दिवस पर पात्र कर्मचारी अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित नियोक्ताओं एवं संस्थानों से अपील की है कि मतदान दिवस पर पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार सवैतनिक अवकाश प्रदान करते हुए आदेश की पालना सुनिश्चित करें, ऐसा नहीं करने पर संबंधित नियोक्ताओं एवं संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित