जयपुर , सितंबर 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि यह जीत प्रदेश की आठ करोड़ जनता के आशीर्वाद, भाजपा के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों पर जनता के विश्वास की जीत है।

श्री शर्मा ने निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर प्रदेश सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक जीत को भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि को समर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर सरकार पूरी तरह खरा उतरेगी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता विकास और जनता के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय जातिवाद और धर्म के आधार पर राजनीतिक समीकरण बैठाने का काम करते हैं। भाजपा जनता के सुख-दुख में भागीदारी निभाती है जबकि कांग्रेस चुनाव के समय जनता को भ्रमित और बरगलाने का काम करती है।

उन्होंने कांग्रेस के निकाय चुनाव में सरकार के दुरुपयोग के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनाव शुरू होने से पहले ही कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाना शुरू कर दिया था और उसे अपनी जमीन खिसकने का अहसास हो गया था, इसलिए वह पहले दिन से ही आरोप-प्रत्यारोप में जुट गई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय अपने शासनकाल और वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए रोजगार और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। कांग्रेस को अपने पांच वर्ष के कार्यकाल और भाजपा सरकार के ढाई वर्ष के कार्यों की तुलना जनता के सामने करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठ, भ्रम और तुष्टिकरण की राजनीति के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने राजस्थान की जनता से कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित