जयपुर , सितम्बर 21 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर नगरीय निकाय चुनाव में पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने कांग्रेस नेताओं एवं कांग्रेस पार्षदों के विरुद्ध जिस प्रकार दुरुपयोग किया है, यह लोकतंत्र और लोकतांत्रिक परंपराओं पर प्रहार है।
श्री डोटासरा सोमवार को यहां नगर निकायों के अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पुलिस प्रशासन का जिस प्रकार दुरुपयोग किया है, ऐसा देश के इतिहास में कभी देखने को नहीं मिला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित विधायकों, पूर्व विधायकों पर पुलिस बल द्वारा जबरन कार्रवाई की गई।
उन्हाेंने कहा कि उनसे अभद्रता की गई और कांग्रेस तथा कांग्रेस के समर्थित निर्दलीय पार्षदों को जबरन भाजपा नेताओं ने पुलिस बल के सहारे भाजपा का बोर्ड बनवाने के लिए दबाव बनाया गया, यह प्रदेश के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज होगा।
उन्होंने कहा कि कई नगरपालिका में कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों को सुरक्षित लाकर वोट डलवाने तथा कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध की जा रही जबरन पुलिसिया कार्रवाई को रोकने के लिए उच्चत्तम न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा, जो प्रदेश सरकार की तानाशाही पूर्ण कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाने वाला है।
श्री डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा ने राजनीतिक सुचिता को तार-तार करने की सारी सीमाएं पार कर लीं, जो निंदनीय है। भाजपा ने प्रदेश के नागरिकों एवं मतदाताओं द्वारा दिए गए जनादेश को जबरन पुलिस प्रशासन एवं सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर बदलने का कार्य किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित