जयपुर , सितंबर 18 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि निर्दलीय प्रत्याशियों का भाजपा के प्रति विश्वास एवं भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है और इसी का परिणाम हैं कि प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में करीब 18 निकायों में निर्विरोध महापौर, सभापति भाजपा के बन गये।
श्री राठौड़ ने भीलवाड़ा के बाद अब भरतपुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी अनुराधा सिंह का निर्विरोध मेयर बनना तय होने पर शुक्रवार को शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशी विचित्रा सिंह ने प्रदेश के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम की मौजूदगी में अपना नामांकन वापस लिया है। ऐसे में अब मेयर पद के लिए भाजपा की अनुराधा सिंह ही एकमात्र प्रत्याशी रह गयी हैं और उनका निर्विरोध मेयर बनना तय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित