जयपुर , अगस्त 27 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के विफल होने तथा कांग्रेस संगठन की जिला, ब्लॉक, मंडल एवं वार्ड स्तर तक सक्रियता के कारण नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के पक्ष में ऐसा अभूतपूर्व और सकारात्मक माहौल बना है जो वर्षों बाद देखने को मिल रहा है।
श्री गहलोत ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि हर गली-मोहल्ले से जो संकेत मिल रहे हैं, वे बता रहे हैं कि कांग्रेस दसों नगर निगमों में रिकॉर्ड जीत दर्ज करने की ओर बढ़ रही है, जबकि शहरों को हमेशा से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। पूरे प्रदेश में जनता का रुख साफ तौर पर कांग्रेस के पक्ष में झुका हुआ नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को खुद इस बात का एहसास है, इसीलिए हार के डर से पहले चुनाव टाले गये। उच्च न्यायालय की फटकार के बाद चुनाव कराने पड़े तो अब भाजपा सरकार पूरी सरकारी मशीनरी का सहारा लेकर मैदान को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश में जुटी है। पहले स्वयं मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को बुलाकर भाजपा का सहयोग करने का दबाव बनाया, अब जानकारी में आ रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से उपखंड अधिकारी स्तर तक दबाव डाला जा रहा है।
श्री गहलोत ने कहा कि लेकिन जनता का मन बन चुका है, और कोई प्रशासनिक दबाव उस जनमत को नहीं बदल सकता। उन्होंने कहा कि वह सभी अधिकारियों को आह्वान करना चाहते है कि वे ऐसे अलोकतांत्रिक और कानून के दायरे से बाहर जाकर कार्य न करें। अधिकारी संविधान के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्य करें, अन्यथा गलत तौर-तरीकों में शामिल होने पर कांग्रेस सरकार आने पर उनकी भी जवाबदेही तय की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित