रांची , फरवरी 11 -- झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर 23 फरवरी को प्रस्तावित इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा की तिथि में बदलाव कर दिया गया है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आज इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि 23 फरवरी को निकाय चुनाव होने के कारण इंटर की परीक्षा अब 24 फरवरी को आयोजित की जाएगी।
जैक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, केवल इंटर ही नहीं बल्कि कक्षा आठवीं, नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाओं की तिथियों में भी संशोधन किया गया है। परिषद ने सभी संबंधित विद्यालयों और परीक्षार्थियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करने का निर्देश दिया है।
कक्षा आठवीं की बोर्ड परीक्षा अब 2 मार्च को आयोजित होगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 20 फरवरी से जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा, जहां से छात्र-छात्राएं अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
वहीं, आठवीं कक्षा के परीक्षार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन के प्राप्तांक 5 से 15 मार्च के बीच ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे।
कक्षा नौवीं की परीक्षा अब 6 और 7 मार्च को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। नौवीं के छात्रों के लिए प्रवेश पत्र 24 फरवरी से जैक की वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध रहेगा।
इसके अतिरिक्त, कक्षा 11वीं की बोर्ड परीक्षा 25 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। परिषद ने बताया है कि परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। 11वीं की परीक्षा भी दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
जैक ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों और संशोधित कार्यक्रम की नियमित रूप से जांच करते रहें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित