जयपुर , सितंबर 15 -- राजस्थान में 305 नगरीय निकायों के अध्यक्षीय पदों के साधारण निर्वाचन के लिए बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरु हो गई और पहले दिन 25 उम्मीदवारों ने अपने 29 नामांकन पत्र भरे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार अध्यक्षीय पदों के लिए पहले दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 14 प्रत्याशियों ने 15 नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें जालोर जिले में भीनमाल नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी मनोज गुप्ता ने अपने दो नामांकन पत्र भरे।
जबकि कांग्रेस के पांच उम्मीदवारों ने छह नामांकन पत्र भरे। इसमें झुंझुनूं जिले में उदयपुरवाटी नगरपालिका में कांग्रेस उम्मीदवार शिशपाल ने एक कांग्रेस के रुप में और दूसरा नामांकन निर्दलीय के रुप में भरा। इस दौरान बीकानेर जिले में नोखा नगरपालिका में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार ने एक माकपा प्रत्याशी एवं दूसरा निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में अपना पर्चा भरा।
इनके अलावा पांच निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अध्यक्षीय पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन की बुधवार को आखिरी तारीख हैं और चुनाव 21 सितंबर को होगा।
नगर निकाय चुनाव में जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और कोटा जिले की सुकेत नगर पालिका को छोड़कर शेष सभी 305 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव की लोक सूचना मंगलवार को जारी की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित