कोंडागांव , जून 13 -- छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त करने वाले 41 युवाओं के अग्निवीर में चयनित होने पर शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा के निर्देशन तथा जिला अध्यक्ष सूरज यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवाओं को पुष्पमाला और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि कोंडागांव, बड़ेराजपुर, फरसगांव और केशकाल ब्लॉक के युवाओं ने पूर्व सैनिकों से निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया, जिसके परिणामस्वरूप 41 युवाओं का अग्निवीर के लिए चयन हुआ है।

उन्होंने बताया कि जिले के पूर्व सैनिक अपनी पेंशन राशि से युवाओं को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं। इस पहल से अनेक युवक-युवतियों का चयन बस्तर फाइटर, अर्धसैनिक बलों, नगर सेना और जिला बल में हो चुका है तथा वे विभिन्न सुरक्षा सेवाओं में योगदान दे रहे हैं।

परिषद के अनुसार विकासनगर स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 7:30 बजे तक निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सैन्य सेवाओं में अवसर मिल सके।कार्यक्रम में सुब्रत साहा, सूरज यादव, अजनेर लकड़ा, रतिराम सोरी, राकेश धीवर और ढालेश साहू सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं पूर्व सैनिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित