मीरपुर , अप्रैल 20 -- नाहिद राणा (पांच विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत बंगलादेश ने सोमवार को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 48.4 ओवरों में 198 रन के स्कोर पर समेट दिया।
आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब हुई और उसने 52रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। हेनरी निकल्स (13), विल यंग (दो) और टॉम लेथम (14) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद मुहम्मद अब्बास ने निक केली के साथ चौथे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। नाहिद राणा ने मुहम्मद अब्बास (19) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इस दौरान एक छोर थामे रन बना रहे निक केली को शोरिफुल इस्लाम ने आउट कर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। निक केली ने 102 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 83 रनों की पारी खेली। इसके बाद बंगलादेशी गेंदबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज संघर्ष करते हुए विकेट गंवाते रहे। न्यूजीलैंड ने 53 रन जोड़ कर शेष पांच विकेट गंवा दिये। डीन फ़ॉक्सक्रॉफ्ट (15), ब्लेयर टिकनर (12), जॉश क्लार्कसन (छह), जेडेन लेनॉक्स (शुन्य) और विलियम ओरूर्क (छह) रन बनाकर आउट हुये। नेथन स्मिथ ने (18) रनों की नाबाद पारी खेली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित