नासिक , जुलाई 19 -- महाराष्ट्र में नासिक के इंदिरा नगर में एक 21 वर्षीय युवती की उसके 26 वर्षीय पूर्व प्रेमी ने चाकू गोदकर और गला रेतकर बेरहमी से हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान वैष्णवी अवारे के रूप में हुई है। वह अमरावती की रहने वाली थी और नौकरी की तलाश में नासिक में एक पेइंग गेस्ट के रूप में रह रही थी। यह घटना 18 जुलाई की है, जब उसके पूर्व प्रेमीा साहिल लवहारे ने विवाद के बाद वैष्णवी पर हमला किया।
लवहारे पर एक धारदार हथियार से उसका गला काटने और फिर मौके से भाग जाने का आरोप है। वैष्णवी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके अगले दिन 19 जुलाई की सुबह नासिक में जॉगिंग ट्रैक के पास एक पेड़ से लवहारे का शव भी लटका हुआ मिला।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि लवहारे ने हत्या के बाद आत्महत्या कर ली, जबकि पुलिस का कहना है कि घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि वैष्णवी और लवहारे पहले लिव-इन रिलेशनशिप में थे और उसकी सगाई किसी और से हो चुकी थी और वह अपनी शादी की तैयारी कर रही थी। जांचकर्ताओं ने यह भी बताया कि वैष्णवी ने पहले लवहारे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
अधिकारियों को शक है कि आपसी मतभेद और उसकी होने वाली शादी इस अपराध की वजह हो सकती है, हालांकि घटना के सही मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस लवहारे की मौत से जुड़े हालात की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित