नासिक , फरवरी 20 -- महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक गर्भवती महिला का वाहन भारी ट्रैफिक में जाम में फंस गया तब उसकी मदद एक रिक्शा वाले ने की लेकिन वो महिला अस्पताल पहुंचती उसके पहले ही रिक्शे में ही बच्चे का जन्म हो गया।

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के केलीपानी की रहने वाली मजीला आवेश वाडवे नाम की यह श्रमिक महिला अन्य गन्ना मजदूरों के साथ यात्रा कर रही थी, तभी उनका वाहन मनमाड से गुजरने वाले हाईवे पर भीषण जाम में फंस गया। जब वाहन लंबी कतारों में खड़े थे, तभी महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।

इस बीच रिक्शा चालक अमजद अत्तार आगे आए और अस्पताल पहुँचाने की कोशिश में महिला और उसके परिवार को अपने वाहन में बिठा लिया। हालांकि, आगे का रास्ता पूरी तरह से बंद था।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, सामाजिक कार्यकर्ता रितेश पगारे अपनी दोपहिया गाड़ी पर आगे बढ़े और ट्रैफिक हटाकर रास्ता बनाने की कोशिश की। उनके तमाम प्रयासों के बावजूद, अस्पताल पहुँचने से पहले ही महिला ने रिक्शा के अंदर बच्चे को जन्म दे दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित