नासिक , नवंबर 04 -- महाराष्ट्र के नासिक में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने त्योहारों के मौसम से पहले जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिठाई निर्माताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

त्योहार निगरानी के तहत चलाये गये विशेष अभियान में एफडीए ने गंभीर उल्लंघनों और अस्वास्थ्यकर स्थितियों का पता चलने के बाद नासिक शहर और जिले के पांच प्रसिद्ध मिठाई निर्माण प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिये।

निरीक्षण के दौरान कॉकरोच का संक्रमण और खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के अनुसूची चार के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।

यह विशेष अभियान खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे, संयुक्त आयुक्त मंगेश माने और सहायक आयुक्त विनोद धावड़, संदीप देवरे तथा दिनेश तांबोली के मार्गदर्शन में चलाया गया।

एफडीए ने दोहराया है कि भोजन तैयार करने और उसके रख-रखाव के दौरान उचित स्वच्छता बनाए रखना, साथ ही कीटों एवं कॉकरोच के संक्रमण को रोकना सभी खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए अनिवार्य है।

प्रशासन ने चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में जनस्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जायेगा और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निरीक्षण और उसके बाद की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने की , जिसमें सुहास मांडलक, अश्विनी पाटिल, प्रतीक भाड और रितुजा नवाले शामिल थे।

इस बीच एफडीए ने नागरिकों से अपील की है कि वे मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी शंका या शिकायत की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दें। प्रशासन ने खाद्य कारोबार संचालकों से आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का भी आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित