नासिक , अप्रैल 16 -- महाराष्ट्र में नासिक स्थित एक आईटी कंपनी में सामने आए यौन उत्पीड़न मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है और इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कंपनी की एचआर प्रतिनिधि निदा खान फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

इस बीच आईटी कंपनी ने अपना कामकाज फिलहाल बंद कर दिया है और कर्मचारियों को कार्यालय नहीं आने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार कंपनी के दिल्ली मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने बुधवार को नासिक इकाई में विस्तृत आंतरिक जांच की। इसके बाद इस शाखा के लगभग 150 कर्मचारियों को सोमवार से तत्काल प्रभाव से 'वर्क फ्रॉम होम' करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली से आई टीम ने कंपनी के भीतर कथित अवैध गतिविधियों की गहन जांच की।

नासिक इकाई में भर्ती प्रक्रिया भी फिलहाल रोक दी गई है। पुलिस जांच पूरी होने तक यहां किसी भी प्रकार की नियुक्ति नहीं की जाएगी।

मामले ने अब राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की एक टीम 16 अप्रैल को नासिक पहुंची है, जो पीड़ितों से बातचीत कर मामले की विस्तृत जांच करेगी।

इस संबंध में मुंबई नाका और देवळाली पुलिस थानों में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित