नासिक , जनवरी 27 -- महाराष्ट्र में नासिक के गंगापुर रोड इलाके में एक चौंकाने वाला हिट-एंड-रन मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसा शहर के एक पॉश इलाके में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो जाने के कारण पुलिस को वाहन की पहचान करने में मदद मिली।

गंगापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और संबंधित कार की पहचान कर ली। जांच में सामने आया कि कार चालक नाबालिग है और एक सरकारी कर्मचारी का बेटा है।

पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित