नासिक , अक्टूबर 22 -- नासिक त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण (एनटीकेएमए) 'सिंहस्थ कुंभ मेला 2027' के लिए एक एकीकृत आधिकारिक वेबसाइट तैयार कर रहा है जिसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों और आगंतुकों को उनकी तीर्थयात्रा की योजना बनाने के लिए जानकारी का एक विश्वसनीय तथा एकल स्रोत प्रदान कराना है।

आगामी 31 अक्टूबर को ध्वजारोहण समारोह के दौरान वेबसाइट का एक स्थायी संस्करण जारी किया जायेगा। शुरुआत में यह पोर्टल नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले की आधिकारिक डिजिटल उपस्थिति दर्ज करेगा और बुनियादी जानकारी प्रदान करेगा। जैसे-जैसे विकास कार्य आगे बढ़ेगा इसमें चरणबद्ध तरीके से डायनामिक फीचर्स, रियल-टाइम अपडेट एवं संबंधित प्रणालियों को शामिल किया जायेगा।

इस वेबसाइट को एक व्यापक डिजिटल गेटवे के रूप में तैयार किया गया है, जहां सत्यापित घोषणाएं, स्नान की महत्वपूर्ण तिथियां और समय, यात्रा संबंधी जानकारी, आवश्यक सुविधाओं का विवरण, सुरक्षा सलाह एवं सहायता संसाधन उपलब्ध होंगे। यह सरकारी विभागों के लिए एक अधिकृत मंच के रूप में भी काम करेगा, जहां से वे लोगों के साथ समय पर एवं विश्वसनीय जानकारी साझा कर सकेंगे। इस पोर्टल पर एक विशेष खंड होगा जिसमें नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले के आध्यात्मिक महत्व, इतिहास, परंपराओं और रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी दी जायेगी। महत्वपूर्ण मंदिरों, घाटों, अखाड़ों और धार्मिक स्थलों के बारे में जानकारी तीर्थयात्रियों को इस आयोजन का महत्व समझने और अपनी यात्रा की योजना बनाने में मदद करेगी।

वेबसाइट पर यात्रा से जुड़ी जानकारी में हवाई, रेल, सड़क और स्थानीय परिवहन के विकल्पों के साथ-साथ नासिक एवं त्र्यंबकेश्वर पहुंचने की जानकारी शामिल होगी। जैसे-जैसे यह प्लेटफॉर्म विकसित होगा, उम्मीद है कि यह पार्किंग क्षेत्र, ट्रैफ़िक परिवर्तन, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, शटल सेवाओं, पैदल मार्गों एवं सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं की भी जानकारी प्रदान करेगा। इसमें ज़रूरी सुविधाओं की एक सूची भी शामिल करने की योजना है जिसमें शौचालय, पीने के पानी की जगहें, नहाने की सुविधाएं, चिकित्सा शिविर, अस्पताल, पुलिस चौकियां, हेल्प डेस्क, खोया-पाया केंद्र, ठहरने की जगहें, खाने-पीने की सुविधाएं, पार्किंग स्थल, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन शामिल होंगे। अपग्रेड पोर्टल पर इन सुविधाओं तक पहुंचने के लिए मानचित्र-आधारित और खोजने योग्य विकल्प उपलब्ध होंगे। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा इस वेबसाइट का एक मुख्य हिस्सा होगी। पुलिस, अग्निशमन सेवा, एम्बुलेंस, कंट्रोल रूम और अन्य हेल्पलाइन के आपातकालीन संपर्क विवरण देने के लिए एक अलग खंड प्रस्तावित है। इसमें जन-स्वास्थ्य संबंधी सलाह, भीड़-प्रबंधन के निर्देश और प्रतिबंधित वस्तुओं के बारे में जानकारी भी शामिल होगी।

वेबसाइट को डेस्कटॉप और मोबाइल पर इस्तेमाल करने के लिए डिज़ाइन किया जा रहा है और इसे कम बैंडविड्थ वाले इंटरनेट कनेक्शन पर भी बेहतर तरीके से काम करने के लिए तैयार किया गया है। इसके प्रस्तावित बहुभाषी संरचना का उद्देश्य भारत और विदेशों के विभिन्न हिस्सों से आने वाले तीर्थयात्रियों तक ज़रूरी जानकारी पहुंचाना है। साथ ही, अलग-अलग ज़रूरतों वाले उपयोगकर्ताओं के लिए इसमें विशेष परुंच सुविधाएं भी शामिल करने की योजना है। प्रस्तावित सुविधाओं में चुनिंदा घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों के वर्चुअल टूर, 360-डिग्री व्यू, ऑडियो-निर्देशित अनुभव, वीडियो द्वारा जानकारी और आधिकारिक लाइव स्ट्रीम के लिंक शामिल हैं। इन सुविधाओं को स्वीकृत कंटेंट एवं प्लेटफॉर्म की उपलब्धता के आधार पर पेश किया जायेगा।

यह आधिकारिक वेबसाइट एनटीकेएमए द्वारा विकसित किए जा रहे एक व्यापक डिजिटल संरचना का हिस्सा होगी। इस संरचना में मोबाइल एप्लिकेशन और 'कुंभदूत' को शामिल करने की योजना है, जो तीर्थयात्रियों की सहायता के लिए प्रस्तावित एक एआई-आधारित इंटरफ़ेस है। इन डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य सत्यापित जानकारी और सेवाओं के एक साझा आधार का उपयोग करना है, जिसमें वेबसाइट तीर्थयात्रियों और आगंतुकों के लिए एक सुलभ सार्वजनिक इंटरफ़ेस के रूप में कार्य करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित