भंडारा , जून 08 -- महाराष्ट्र के भंडारा जिले में वैनगंगा नदी में एक नाव पलटने से दो युवकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि पांच अन्य तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।
अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे उस समय हुआ जब करचखेड़ा इलाके में सात युवक एक निजी नाव से नदी के बीच में स्थित एक टापू पर नहाने गए थे। नहाने के बाद लौटते समय नदी के बीच धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई, जिससे नाव पर सवार सभी सात लोग पानी में गिर गए।
डूबने से जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पवन मुरली चौबे (34) और कृष्णा जगन्नाथ बोकडे (26) के रूप में हुई है। वहीं बाकी बचे पांच युवक आकाश केवट, सुबोध विलास धोक, काशीनाथ फत्तू मेश्राम, मृणाल बालकृष्ण मांडुकर और अर्जुन मोतीराम मेश्राम तैरकर नदी के किनारे आ गए और उनकी जान बच गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित