पटना , मई 12 -- केंद्रीय ट्रेड यूनियन ऐक्टू नेता रणविजय कुमार ने बिहार के श्रमायुक्त से बक्सर के नावानगर स्थित एसएमएलजी बेवरेजेज (कोका-कोला प्लांट) के आंदोलनकारी मजदूरों को श्रम अधिनियम सम्मत न्यूनतम मजदूरी, ओवरटाइम भुगतान, ईएसआई-ईपीएफ सहित पेयजल, कैंटीन आदि सुविधाएं बहाल कराने की मांग की है। ऐक्टू नेता श्री कुमार ने मंगलवार को जारी बयान में बताया कि अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे मजदूरों को डुमरांव के पूर्व माले विधायक अजित कुमार सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया और मांगें पूरी होने तक आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।
फैक्ट्री गेट पर मजदूरों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में मजदूरों के शोषण, कम मजदूरी, ठेका प्रथा, असुरक्षित कार्य वातावरण और श्रम कानूनों की अनदेखी का विरोध करते हुए इसे असहनीय बताया।
इस बीच ऐक्टू नेता रणविजय कुमार ने सरकार एवं प्रशासन से सभी मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ-ईएसआई, ओवरटाइम भुगतान, साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित करने तथा ठेका प्रथा और ठेका मजदूरों के शोषण पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने फैक्ट्री में सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, कैंटीन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित जांच कराने की भी मांग की।उन्होंने कहा कि मजदूर दया नहीं बल्कि अपने संवैधानिक और कानूनी अधिकार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने मांगें पूरी नहीं कीं तो ऐक्टू श्रमायुक्त, बिहार का घेराव करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित