नोएडा , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन फेस तृतीय थाना क्षेत्र के मामूरा गाँव स्थित नाले में बुधवार को एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कराया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जांच की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
घटना के समय मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
मृतक की पहचान रुमाल सिंह (70) पुत्र भागमल सिंह, निवासी ग्राम उखलीना, थाना जानी, जनपद मेरठ तथा वर्तमान निवासी मामूरा, सेक्टर-66, थाना फेस तृतीय थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रचलित है तथा जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित