सोलन , फरवरी 23 -- पंजाब पुलिस को नालागढ़ आईईडी (आरडीएक्स) विस्फोट मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह धमाका 1 जनवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में हुआ था, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।
जालंधर पुलिस ने एसएएस नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में महावीर उर्फ काका और मनप्रीत उर्फ मणि को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी पंजाब के एसएएस नगर के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक मास्टरमाइंड के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों के संपर्क विदेशी हैंडलरों गोपी नवंशरिया और जस्सी कुलाम से थे। दोनों का संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों और उनके साथियों ने विदेशी निर्देशों पर आईईडी (आरडीएक्स) और हैंड ग्रेनेड की खेप हासिल की थी। इसी खेप में शामिल एक आईईडी का इस्तेमाल नालागढ़ पुलिस स्टेशन को निशाना बनाने के लिए किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित