राजगीर , मार्च 30 -- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को नालंदा विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नालंदा आगमन को लेकर जिला प्रशासन और नालंदा विश्वविद्यालय प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना पहुंचेंगी। यहां से वह भारतीय वायु सेना के विशेष हेलीकॉप्टर से नालंदा के लिए रवाना होंगी और करीब 11:20 बजे नालंदा विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगी। इसके बाद वह सीधे कार्यक्रम स्थल की ओर प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के इस आगमन का मुख्य आकर्षण नालंदा विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह होगा, जिसमें वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी, उन्हें डिग्रियां प्रदान करेंगी तथा मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगी। दीक्षांत समारोह में कई देशों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित