नालंदा (बिहार) , अप्रैल 06 -- बिहार के नालंदा जिले में बिहार शरीफ के कई स्थानों पर राष्ट्रीय जांच दल (एनआईए) तथा आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की संयुक्त टीमों ने कथित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क की जांच के तहत छापेमारी की।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि यह समन्वित कार्रवाई लहेरी थाना क्षेत्र में आज तड़के एक साथ शुरू की गई। जिन प्रमुख स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें एक ज्वेलरी दुकान और लाइसेंसी हथियार की दुकान "पीक़े गन हाउस" शामिल है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शेख साबिर के नेतृत्व जाँच टीमों ने पहले एक संदिग्ध के आवास की तलाशी ली, इसके बाद ज्वेलरी और गन शॉप पर कार्रवाई की गई, जहां दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामग्री की जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार, व्यापक जांच के तहत जिले में करीब 10 स्थानों पर छापेमारी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई लहेरी थाना क्षेत्र के सोहनकुआं इलाके से अजीजघाट निवासी मोहम्मद परवेज की हालिया गिरफ्तारी से जुड़ी है। उसके पास से एके-47 के कारतूस सहित बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।
इस संबंध में जांच एजेंसियों को शक है कि परवेज किसी बड़े अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। छापेमारी का उद्देश्य उसके सहयोगियों का पता लगाना और सप्लाई चेन का खुलासा करना है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है और इसके आगे बढ़ने के साथ अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित