राजगीर, मार्च 30 -- जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती को लेकर उनकी जन्म भूमि नालंदा जिले के कुंडलपुर में सोमवार से दो दिवसीय कुंडलपुर महोत्सव शुरू हो गया है।

कुंडलपुर महोत्सव शुभारंभ बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर ने किया।

इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कुंडलपुर महोत्सव न केवल नालंदा जिले की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है, बल्कि यह क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी नई दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।

आज सुबह कुंडलपुर से बैंड बाजे के साथ शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें जैन धर्म के श्रद्धालु मौजूद थे। उसके बाद भगवान महावीर की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया गया। इस अवसर पर जैन श्रद्धालुओं मे उत्साह देखा गया। जैन श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर की पूजा की।

इस अवसर पर भगवान महावीर जन्म भूमि दिगंबर जैन समिति के मंत्री विजय कुमार जैन ने कहा कि भगवान महावीर ने अहिंसा परमो धर्म व जियो और जीने दो का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में भगवान महावीर के सिद्धांतों से ही शांति संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित