भोपाल , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में आज सोमवार को 'नारी शक्ति वंदन' अधिनियम विषय पर चर्चा के दौरान हंगामे की स्थिति बनी रही और कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।

वही सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर विधानसभा पहुंचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मंत्रालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। विधायक का कहना था कि उन्होंने ट्रैक्टर के लिए पास बनवाया है, जबकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के वाहन को परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं है।

इस दौरान विधायक और पुलिस के बीच तीखी बहस के साथ झूमाझटकी भी हुई। बाद में अभिजीत शाह गेंहू का गठ्ठा लेकर विधानसभा पहुंचे और अपनी बात रखने का प्रयास किया।

वहीं सदन में चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा राजनीतिक उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनावी स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया, जहां भाजपा, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को चुनौती देने में सफल नहीं हो पा रही है। हंगामे के बीच विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर दिया, जिससे कार्यवाही प्रभावित रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित