नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मंगलवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।

केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुये कहा कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के अंतर्गत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता शाजिया इल्मी भी मौजूद थीं।

श्रीमती खडसे ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम होगी और नीति निर्माण में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 50 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं, ऐसे में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व मिलना समय की मांग है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना, मुद्रा योजना, लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूह जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

' माई भारत बजट क्वेस्ट ' पहल का उल्लेख करते हुये उन्होंने कहा कि जिसमें देशभर के 12 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती है।

श्रीमती खडसे ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से आती हैं और भाजपा के समर्थन से तीसरी बार लोकसभा पहुंची हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक महिलाएं संसद तक पहुंचेंगी और देश के नेतृत्व में समान भागीदारी निभाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित