जयपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन स्वस्थ नारी और सशक्त परिवार पर आधारित बताते हुए कहा है कि देश को पंचायत से लेकर संसद तक महिला नेतृत्व के लिए तैयार किया जा रहा है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम से देश की दिशा बदलेगी।

श्रीमती दिया कुमारी बुधवार को जयपुर में बिरला सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित "नारी शक्ति वंदन सम्मेलन" में बोल रही थी। सम्मेलन में महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" के माध्यम से लोकतंत्र में महिलाओं को समान अधिकार, सशक्त नेतृत्व और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल का समर्थन किया।

श्रीमती दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मेलन नारी सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का उत्साह और जागरूकता एक सशक्त, समृद्ध और समावेशी समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि श्री मोदी के विजन की दिशा में "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" को लागू करने के लिए महिलाओं से समर्थन की अपील की गई, जिसके तहत 9667173333 पर मिस्ड कॉल कर महिलाएं अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित