चंडीगढ़ , अप्रैल 11 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने कहा है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक ऐतिहासिक पहल है। यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी देने की दिशा में मजबूत कदम है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटों का आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर कई सकारात्मक बदलाव हुए हैं। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया गया है। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी पहल ने महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। सुश्री प्रियदर्शी ने बताया कि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व अभी भी सीमित है। ऐसे में यह अधिनियम महिलाओं को नीति निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर देगा।
उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलता है, तो वे शासन को अधिक संवेदनशील और प्रभावी बनाती हैं। यह कानून केवल आरक्षण नहीं, बल्कि देश के समावेशी और संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित