पटना, अप्रैल 16 -- राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) की विधायक और सचेतक श्रीमती स्नेहलता कुशवाहा ने गुरूवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तीकरण की दिशा में मजबूत पहल है।

श्रीमती कुशवाहा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का ऐतिहासिक फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है, जो भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण प्रदान कर उन्हें निर्णय प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल महिलाओं का सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक सशक्तीकरण होगा, बल्कि देश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने सदैव "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र को साकार करते हुए महिलाओं के उत्थान को प्राथमिकता दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित