चंडीगढ़ , अप्रैल 13 -- हरियाणा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर 10 से 20 अप्रैल तक राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वित और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिये।
अभियान के तहत महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रेस कॉन्फ्रेंस, टाउन हॉल मीटिंग, महिला सम्मेलन, पदयात्राएं, साइकिल और स्कूटी रैलियां और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं। बारह से 15 अप्रैल तक टाउन हॉल और 11 से 16 अप्रैल के बीच महिला सम्मेलन आयोजित होंगे, जबकि 15-16 अप्रैल को प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
तेरह से 16 अप्रैल के बीच महिलाओं की भागीदारी से बाइक और स्कूटी रैलियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक, लोक कार्यक्रम और 'नारी शक्ति दीवार' जैसी पहल के माध्यम से जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ायी जाएगी।
अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, वीडियो, पॉडकास्ट और लेखों का भी उपयोग किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि स्थानीय निकाय अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर उच्च अधिकारियों को भेजे जाएंगे।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और महिला आयोग से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित