दरभंगा , अप्रैल 22 -- बिहार में दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बुधवार को कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर काँग्रेस तथा विपक्षी दलों ने देश की 70 कारोड़ महिलाओं का अपमान किया है। डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अपने संसदीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को विपक्ष द्वारा समर्थन नहीं दिए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल इसी दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को विधायिका में उचित प्रतिनिधित्व देना है।
सांसद ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष ने संसद जैसे सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच पर इस महत्वपूर्ण बिल का समर्थन नहीं कर देश की 70 कारोड़ महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाय है।विपक्ष का यह रवैया दर्शाता है कि उनके लिए महिला सशक्तिकरण केवल चुनावी मुद्दा है, जबकि वास्तविकता में वे महिलाओं को अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश की माताएं, बहनें और बेटियां विपक्ष के इस दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी हैं। आने वाले समय में जनता ऐसे महिला विरोधी सोच रखने वाले दलों को करारा जवाब देगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और भागीदारी के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा नारी शक्ति को आगे बढ़ाने के हर प्रयास में मजबूती से खड़ी रहेगी।
सांसद डॉ. ठाकुर ने मोदी सरकार के नारी सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधानों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि राजनीतिक तथा सामाजिक भागीदारी के लिए नारी वंदन अधिनियम लाया गया जबकि पूर्व से ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना जनधन योजना प्रधानमंत्री मुद्रा योजना महिला उद्यमी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही है। उन्होंने विपक्ष द्वारा समर्थन नहीं दिए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुएकहा कि यह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के खिलाफ विपक्ष की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित