पटना , अप्रैल 17 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल के पारित नहीं हो पाने पर विपक्ष पर हमला करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह केवल एक विधेयक का विरोध नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों, सम्मान और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा,"विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में इतना अंधा हो चुका है कि वह नारी शक्ति को मिल रहे ऐतिहासिक अधिकारों को भी छीनने पर उतारू हो गया है। यह सीधा-सीधा महिलाओं को नीति-निर्धारण की प्रक्रिया से दूर रखने की साजिश है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।"श्री सरावगी ने कहा कि यह बिल केवल एक कानून नहीं, बल्कि भारत की महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और नीतिगत स्तर पर सशक्त बनाने का मजबूत माध्यम था। उन्होंने कहा कि जब देश की आधी आबादी को बराबरी का अधिकार देने की बात हो रही थी, तब सभी दलों को मिलकर इसे सर्वसम्मति से पारित करना चाहिए था। लेकिन विपक्ष ने अपने संकीर्ण राजनीतिक हितों के चलते इस ऐतिहासिक अवसर को भी गंवा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित