देहरादून , अगस्त 22 -- उत्तराखंड में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की पहल पर नारी निकेतन, केदारपुरम में निवासरत संवासिनियों एवं बालिका निकेतन की बालिकाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास, व्यक्तिगत स्वच्छता और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष हेयर ग्रूमिंग एवं पर्सनल केयर क्लास का आयोजन शनिवार को किया गया। आयोजन जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून हरीश कुमार गोयल के दिशा-निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के मार्गदर्शन में आईबीआई इंटरनेशनल, देहरादून (पूर्व नाम इंडिया ब्यूटी इंस्टिट्यूट) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में नारी निकेतन में निवासरत 155 संवासिनियों तथा बालिका निकेतन की 18 बालिकाओं को हेयर ग्रूमिंग एवं व्यक्तिगत साज-सज्जा से संबंधित सेवाएं और प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आईबीआई इंटरनेशनल की करीब 35 सदस्यीय छात्र एवं विशेषज्ञ टीम ने प्रातः 10:30 बजे से नारी निकेतन पहुंचकर प्रतिभागियों को हेयर कटिंग, हेयर ग्रूमिंग, आइब्रो ग्रूमिंग सहित व्यक्तिगत स्वच्छता एवं पर्सनल केयर से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराईं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल का उद्देश्य केवल सौंदर्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि संवासिनियों एवं बालिकाओं में स्वच्छता, आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करना भी रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित