मुंबई , फरवरी 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद नारायण राणे को हृदय संबंधी समस्या के उपचार के लिए मुंबई के जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि श्री राणे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचाराधीन हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हाल ही में कणकवली नगर परिषद चुनाव में भाजपा की सफलता के बाद उनके सम्मान में आयोजित एक समारोह में श्री राणे ने कहा था, "मैं अब थक गया हूं, और हर चीज की एक सीमा होती है।" उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा पैदा की थी।उन्होंने अपने दोनों पुत्रों का उल्लेख करते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्षम और सफल बताया था तथा उनके सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की थी।

श्री राणे के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से राजनीतिक जगत में चिंता की लहर है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित