केंसिंग्टन , सितंबर 06 -- निकोलस पूरन (59) रनों की अर्धशतकीय पारी के बाद सुनील नारायण (चार विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत त्रिनबागो नाइट राइडर्स (टीकेआर) ने कम स्कोर वाले मैच में बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 35 रन से हराकर क्वालिफिकेशन की अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं। निकोलस पूरन के 59 रनों की बदौलत टीकेआर ने छह विकेट पर 147 रन का स्कोर बनाया। इसके बाद स्पिनर सुनील नारायण और जेड गूली ने शानदार गेंदबाजी की और मिलकर सात विकेट लिए, जिससे ट्राइडेंट्स की टीम 112 रनों पर ही सिमट गई। ट्राइडेंट्स के पहले बल्लेबाजी के फैसले के बाद, नारायण के जल्दी (दो) रन पर आउट होने के बाद कॉलिन मुनरो ने टीकेआर की पारी को संभाला। मुनरो ने 32 गेंदों में 38 रन बनाए और पूरन के साथ मिलकर 68 रनों की अहम साझेदारी की। कप्तान पूरन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 59 रन बनाए (जिसमें सात छक्के और दो चौके शामिल थे) और पारी को जरूरी रफ्तार दी। 11वें ओवर में मुजीब उर रहमान ने मुनरो को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। तीन ओवर बाद पूरन भी आउट हो गए और इन दो झटकों से टीकेआर की पारी उबर नहीं पाई। कीरोन पोलार्ड ने 13 गेंदों में 15 रन बनाए, जबकि जोशुआ डा सिल्वा ने निचले क्रम में 10 रन जोड़कर स्कोर को 150 के करीब पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन गुडाकेश मोती (3/29) और मुजीब (2/22) की कसी हुई गेंदबाजी के कारण वे ऐसा नहीं कर पाए।
इसके बाद 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बारबाडोस की शुरुआत बहुत खराब रही। नारायण ने शुरुआती साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने तीसरे ओवर में लगातार गेंदों पर ब्रैंडन किंग और नंबर तीन पर आए बल्लेबाजी करने आये क्विंटन डी कॉक को आउट किया। नारायण ने जल्द ही अपना तीसरा विकेट भी लिया और रिवल्डो क्लार्क को चार गेंदों में बिना खाता खोले (डक पर) आउट कर दिया। क्रिस ग्रीन के आउट होने के बाद पावरप्ले के अंदर ही ट्राइडेंट्स का स्कोर 35/4 हो गया। जैचरी कार्टर और शेरफेन रदरफोर्ड ने अलग-अलग अंदाज में 21-21 रन बनाए, लेकिन नरेन और गूली की कसी हुई गेंदबाजी ने ट्राइडेंट्स को दोबारा रफ्तार नहीं पकड़ने दी। लगातार विकेट गिरने से भी उन पर दबाव बना रहा। डैनियल सैम्स ने दो छक्के लगाए और 14 गेंदों में 17 रन बनाए, लेकिन उनकी यह पारी छोटी रही। ट्राइडेंट्स की टीम 19वें ओवर में ही 112 रन पर सिमट गई। नारायण ने 3.3 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए, जो मैच का निर्णायक स्पेल साबित हुआ। इससे नाइट राइडर्स को 35 रन से जीत मिली, जिसने उनके टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीदों को बचाए रखा, और नारायण को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
संक्षिप्त स्कोर इस प्रकार रहा:- ट्रिनबागो नाइट राइडर्स 20 ओवर में 147/6 (निकोलस पूरन 59, कॉलिन मुनरो 38; गुडाकेश मोती 3-29, मुजीब उर रहमान 2-22)।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित