नारायणपुर , मई 11 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, समन्वय एवं सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस ने सोमवार को "माड़ मैत्री" अभियान का शुभारंभ किया।
हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि "विग्रह से विश्वास" की अवधारणा पर आधारित यह अभियान सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने के साथ नक्सल प्रभावित अंदरूनी क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों को शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण, रोजगार मार्गदर्शन और सामाजिक सहभागिता जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान "हमर फिट नारायणपुर" अभियान के अंतर्गत सामूहिक जुम्बा सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने डायल-112 वाहन सेवा, "माड़ मैत्री रथ" तथा शहर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गठित बाइक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार डायल-112 सेवा के माध्यम से दुर्घटना, अपराध, महिला सुरक्षा एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि बाइक पेट्रोलिंग टीम संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और शीघ्र पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगी।
पुलिस ने बताया कि "माड़ मैत्री रथ" के जरिए दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जनसंवाद, जागरूकता एवं सामुदायिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण, खेल कार्यक्रम, पर्यावरण पर्यटन, ग्रीष्मकालीन शिविर, बुनियादी पुलिसिंग, कल्याण शिविर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभा खोज, मैत्री कैफे, साइबर जागरूकता और करियर परामर्श जैसे विभिन्न वर्टिकल्स संचालित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित