नारायणपुर , जून 28 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा कोण्डागांव के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी की अध्यक्षता में रविवार को नारायणपुर विश्राम गृह में निगरानी प्रकोष्ठ और हिट एंड रन मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।

बैठक में अपर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक रॉबिसन गुड़िया, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

निगरानी प्रकोष्ठ की बैठक में नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन, न्यायालय परिसर में पीड़ित कक्ष तथा दिव्यांगजनों के लिए प्रसाधन कक्ष के निर्माण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के दौरान अज्ञात वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों और गंभीर घायलों के आश्रितों को क्लेम क्षतिपूर्ति समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर संबंधित प्रकरण शीघ्र उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित