नारायणपुर/बस्तर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के झाराघाटी इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। ओरछा के साप्ताहिक बाजार से लौट रही एक पिकअप वाहन के पलटने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हुई है जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। हादसा झारा थाना क्षेत्र के झाराघाटी बायपास सीसी रोड पर शाम सात बजे हुआ।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन ओरछा के साप्ताहिक बाजार से नारायणपुर की ओर आ रहा था। बताया जा रहा है कि एक अंधे मोड़ पर वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर झारा घाटी में पलट गया। हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक ग्राम मुजमेटा और कापसी के निवासी बताए जा रहे हैं, जो किसी पूजा कार्यक्रम (देवता काम से) ओरछा गए हुए थे।
हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तुरंत नारायणपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित