नारायणपुर , जुलाई 07 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में माओवादी ठिकाने से बरामद 86 लाख 75 हजार रुपये की नकदी के स्वामित्व को लेकर राज्य शासन ने दावा और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। इस संबंध में सुनवाई 22 जुलाई को प्रमुख सचिव, गृह विभाग के समक्ष होगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, थाना कोहकामेटा क्षेत्र के ग्राम घमण्डी-हिकुनार के जंगल में 11 मई 2026 को पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने माओवादी संगठन द्वारा छिपाकर रखी गई नकदी की बरामदगी के लिए सर्च अभियान चलाया था। खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से दो स्टील के टिन डिब्बे बरामद हुए, जिनमें कुल लगभग 86 लाख 75 हजार रुपये नकद मिले।

बरामद राशि में 500 रुपये के 173 पैकेट, प्रत्येक में प्रथम दृष्टया 100 नोट, 500 रुपये के 34 अतिरिक्त नोट तथा 2000 रुपये के चार नोट शामिल हैं। नकदी को गवाहों की उपस्थिति में जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। मामले में थाना कोहकामेटा में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 17 और 40 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित