नारायणपुर , जुलाई 18 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक भूमिगत हथियार भंडार का पता लगाकर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संचार एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा नक्सली साहित्य बरामद किया और कार्रवाई के दौरान मिले 44 बीजीएल शेल को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के साथ-साथ जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं अन्य सामग्री की बरामदगी के लिए लगातार तलाशी ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नक्सलियों द्वारा जंगल में घातक सामग्री छिपाकर रखे जाने की सूचना मिलने पर बीएसएफ की 133वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कोहकामेटा थाना क्षेत्र के कदेर ग्राम के जंगल में अभियान चलाया।
तलाशी अभियान के दौरान जवानों को जमीन के नीचे छिपाया गया नक्सलियों के हथियार को भंडार मिला। तलाशी में .303 राइफल एक, .315 राइफल छह, 12 बोर बंदूक एक, बीजीएल दो, बड़े बीजीएल शेल 24, छोटे बीजीएल शेल 20, .303 राइफल की 05 राउंड क्षमता वाली मैगजीन एक, 12 बोर कारतूस 33, एचडी कारतूस 91, 7.62 मिमी (.303) रिम्ड कारतूस 46, 7.62 मिमी कारतूस नौ, 7.62 मिमी ईएफसी दो, फिलर तीन, नॉकिंग हैंडलिंग असेंबली एक, जीरोइंग टूल एक, मैगजीन पाउच चार, आरएफ डिटेक्टर (एक्सेसरीज सहित) एक, एंटीना एक, हेलीकल एंटीना दो, आईडी ऑपरेटिंग मैकेनिज्म (एक्सेसरीज सहित) एक, हैंड हेल्ड टॉर्च एक, पुल थ्रू दो, राइफल स्लिंग 17 तथा बेल्ट एक बरामद किए गए।
इसके अलावा एक नक्सली वर्दी, होंडा जनरेटर मैनुअल दो, नक्सली साहित्य एवं पत्र बड़ी मात्रा में, डीएनएस बोतल (इन्फ्यूजन सेट सहित) एक, डिस्पोवन (सिंगल यूज़) 26, सर्जिकल ड्रेसिंग पैड एक, दर्द निवारक मलहम दो, फेविकोल (100 ग्राम) छह, मार्कर एक, बॉल पेन 14, पेपर कटर सात, क्रेप बैंडेज एक, ड्रिल बिट दो, ज्योमेट्री बॉक्स एक, नक्सली फोटो एक, टूथब्रश पांच, आहूजा ओम्नीडायरेक्शनल इम्पीडेंस उपकरण एक, पेन ड्राइव (सैनडिस्क16 जीबी) एक, पेन ड्राइव एक, पेन ड्राइव एक, 128 जीबी पेन ड्राइव एक, पेन ड्राइव (सैनडिस्क 256जीबी) एक, एक टीबी पेन ड्राइव एक, चार जीबी मेमोरी कार्ड 27, आठ जीबी मेमोरी कार्ड 37, 16 जीबी मेमोरी कार्ड छह, 32 जीबी मेमोरी कार्ड आठ, नक्सली बैनर एक, 25 लीटर का प्लास्टिक ड्रम एक, जीपीएस एक तथा दो कार्बन ब्रश भी जब्त किये गये हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद कुल 44 बीजीएल शेल को बम निरोधक दस्ता ने मौके पर ही सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय कर दिया है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी लेकर सुरक्षित कर संयुक्त बल सुरक्षित कैंप लौट आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित