नारायणपुर , जुलाई 18 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर में शनिवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की अंडर-17 महिला यूथ लीग 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ।
रामकृष्ण मिशन परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में देशभर से आई युवा खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, रामकृष्ण मिशन नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्वालियर के सचिव स्वामी कृष्णामृतानंद ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर एआईएफएफ के कार्यकारी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के सहायक महासचिव मोहन लाल तथा महासंघ अधिकारी नेहा चौहान भी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन मुकाबला केएमपी एकादश , पुणे और रूट्स फुटबॉल अकादमी, बेंगलुरु के बीच खेला गया। मैच में पुणे की टीम ने आक्रामक प्रदर्शन करते हुए बेंगलुरु को 6-1 से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की।
रामकृष्ण मिशन परिसर में लगातार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से नारायणपुर खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से विशेष रूप से महिला फुटबॉल को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित