रायपुर , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत छोटेडोंगर और कोहकामेटा में आयोजित सेवा सेतु शिविरों में कुल 331 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 परिवारों को पक्के आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार छोटेडोंगर में आयोजित शिविर में 199 हितग्राहियों के विभिन्न प्रकरणों का निराकरण किया गया। राजस्व विभाग ने 47 मामलों का निपटारा किया, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने राशन कार्ड से संबंधित 39 प्रकरणों का समाधान किया। इसके अलावा 18 पात्र वृद्ध एवं असहाय हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कृषि विभाग की ओर से फसल बीमा से जुड़े 11 किसानों को प्रमाण-पत्र और श्रम विभाग की ओर से पांच श्रमिकों को श्रमिक कार्ड दिए गए। उद्यानिकी विभाग ने भी पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिया। शिविर में 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कोहकामेटा में आयोजित विकासखंड स्तरीय शिविर में 132 ग्रामीण लाभान्वित हुए। स्वास्थ्य विभाग ने 87 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर में आयुष्मान योजना, श्रम, समाज कल्याण और पंचायत विभाग की योजनाओं के तहत भी लाभ वितरित किए गए। पात्र लोगों को आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

दोनों शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। गर्भवती और शिशुवती महिलाओं को संतुलित आहार, स्वास्थ्य देखभाल तथा शिशु पोषण के संबंध में जानकारी दी गई।

कोहकामेटा में 'विकसित और आत्मनिर्भर भारत' विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन कर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और आवास योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दिए जाने का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं सदस्य, जनपद उपाध्यक्ष, स्थानीय सरपंच, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित