चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- हरियाणा सरकार की औद्योगिक विस्तार योजना को बड़ा बल मिला है, जब नारायणगढ़ क्षेत्र के किसानों ने प्रस्तावित औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) के लिए करीब 450 एकड़ जमीन सरकार द्वारा तय दरों पर देने पर सहमति जता दी।
किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर इस पर सहमति दी और परियोजना में तेजी आने पर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने किसानों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से क्षेत्र में औद्योगिक विकास कोगति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि अंबाला और नारायणगढ़ को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
सरकार पहले ही मानेसर, बावल, रोहतक, फरीदाबाद, सोहना और खरखोदा में आईएमटी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। नारायणगढ़ आईएमटी को बजट घोषणाओं के तहत तेजी से लागू किया जा रहा है, जिससे राज्य के औद्योगिक ढांचे को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित