पंचकूला, 31अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नेशनिवार को पंचकूला में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं भी दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा और मजबूत एवं एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सेक्टर-1 स्थित एमडीसी के एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प से 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। उनका जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें। अफवाह फैलाने और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली सामग्री से बचें। उन्होंने कहा कि भाषाओं, पहनावे और परंपराओं में भिन्नता के बावजूद संविधान और तिरंगा हमें एक सूत्र में बांधते हैं।
श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की पहल के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों और परंपराओं को जोड़ने का काम किया है। गुजरात में स्थापित 182 मीटर ऊंची स्टेच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल के योगदान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के सैनिक, किसान और खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य गठन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी को प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई। दौड़ शिवालिक कंट्री क्लब से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इसमें युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त पंकज नैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित