चंडीगढ़ , सितंबर 12 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित हरियाणा स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स (एफओएफ) की स्थापना और संचालन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में फंड की प्रगति और प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। स्टार्टअप्स को विकास के विभिन्न चरणों में वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए मजबूत वित्तीय तंत्र तैयार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स की सफलता में समय पर पूंजी की उपलब्धता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
श्री सैनी ने कहा कि प्रस्तावित फंड प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने, निजी पूंजी आकर्षित करने और हरियाणा से उभर रहे उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप्स को सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने फंड को जल्द क्रियान्वित करने और इसके निर्धारित उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से हासिल करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित